बैंकों ने दिया मामूली अग्रिम कर भुगतान
Source : Rajesh Bhagtani | Jun 16, 2012

मुबंई। आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद शीर्ष 100 कंपनियों ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मामूली तौर पर 10 फीसदी अधिक अगि्म कर भुगतान किया है। आयकर विभाग अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। अग्रिम कर जमा करने वालों की सूची में भारतीय स्टेट बैंक एसबीआई सबसे ऊपर है। एसबीआई ने 1,170 करोड रूपये का अगि्म कर जमा किया जबकि बीते साल की इसी अवधि में इसने 1,100 करोड रूपये का अग्रिम कर जमा किया था।
अन्य बैंकों में एचडीएफसी और आईसीआइसीआई ने पिछली बार के मुकाबले 25 फीसदी अधिक अग्रिम कर का भुगतान किया आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक वास्तव मे अधिकांश बडे बैंकों अधिक अग्रिम कर का भुगतान किया है। वहीं दूसरी तरफ कई बडी कंपनियों के अग्रिम कर भुगतान में कमी आई्र है। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड,लार्सन ऎंड टुब्रो और हिंडाल्कों शामिल है। आरआईएल ने पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जहां 900 करोड रूपये का भुगतान किया था,वहीं इस बार यह कम होकर 768 करोड रूपये रह गया है। एलऎंडटी के अग्रिम कर भुगतान में कमी आई और यह पिछली बार के 180 करोड रूपये के मुकाबले कम होकर इस बार 160 करोड रूपये रहा। हिंडाल्कों ने 70 करोड रूपये के मुकाबले 50 करोड रूपये अग्रिम कर भुगतान किया। भारतीय जीवन बीमा निगम एलआईसी ने इस बार 630 करोड रूपये अग्रिम कर का भुगतान किया जबकि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान उसने 582 करोड रूपये का भुगतान किया था। दिग्गज खुदरा विक्रेता इंडिय ऑयल कॉरपोरेशन ने पिछले साल के शून्य भुगतान के मुकाबले इस बार 125 करोड रूपये अग्रिम कर भुगतान किया।
वहीं भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने पिछली बार के 75 करोड रूपये के मुकाबले इस बार 70 करोड का भुगतान किया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के भी भुगतान में कमी आई है। कंपनी ने जहां पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 60 करोड रूपये का भुगतान किया था और इस बार उसने 60 करोड रूपये का भुगतान किया है। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज ने पिछली बार के 18 करोड रूपये के मुकाबले मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 22 करोड रूपये का अग्रिम कर भुगतान किया। पौद्योगिकी दिग्गज टीसीएस ने पिछली बार के 250 करोड रूपये के मुकाबले 320 करोड रूपये का भुगतान किया।
टाटा मोटर्स ने पिछली बार के 60 करोड रूपये के मुकाबले 55 करोड रूपये,जबकि गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने पिछली बार के 17 करोड रूपये के मुकाबले 15 करोड रूपये का अग्रिम कर भुगतान किया। सीमेंस ने पिछली बार के 62 करोड रूपये के मुकाबले 50 करोड रूपये का भुगतान किया जबकि क्रॉम्पटन ग्रीव्स ने 30 करोड रूपये के मुकाबले मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 26 करोड रूपये का भुगतान किया। अल्ट्रा टेक ने आश्चर्यजनक तौर पर मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 110 करोड रूपये का अग्रिम कर भुगतान किया। फार्मा क्षेत्र में ल्यूपिन ने 38 करोड रूपये जबकि फाइजर ने 15 करोड रूपये का अग्रिम कर भुगतान किया। 178,000 करोड रूपये के प्रत्यक्ष कर संग्रह का लक्ष्य रखा गया है जो कि पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 15 फीसदी अधिक है।