भारत जल्द ही चीन को चावल निर्यात कर सकेगा
Source : businesskhaskhabar.com Desk | Jun 21, 2012

रिया डी जनेरियो। भारत को जल्दी ही चीन को चावल निर्यात करने की अनुमति मिल सकती है। यह आश्वासन बुधवार को रियो प्लस 20 शिखर सम्मेलन से इतर एक मौके पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ की मुलाकात में दिया गया।
इस मुलाकात की जानकारी रखने वाले एक वरिष्ठ भारतीय अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ""पहले कुछ नियामकीय समस्याएं थीं। हमारा वाणिज्य मंत्रालय इस पर काम कर रहा था। चीन के प्रधानमंत्री के मुताबिक अब यह सुलझ गया है।"" इस फैसले के बारे में तब बताया गया, जब दोनों नेता 2015 तक आपसी व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लिए चर्चा कर रहे थे। इस दौरान मनमोहन सिंह ने चीन के पक्ष में व्यापार के काफी अधिक झुके होने की बात उठाई। वर्ष 2004 में मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री बनने के बाद से दोनों नेता 13 बार मिल चुके हैं।
अधिकारी ने कहा, ""चीन के प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया कि भारत का चीन के साथ काफी अधिक व्यापार घाटा है। इसलिए उन्होंने कहा कि भारत से चावल निर्यात को अनुमति दी जाएगी। उन्होंने भारत में आधारभूत संरचना क्षेत्र में चीन के निवेश का भी आश्वासन दिया।"" आधिकारिक आंक़डों के मुताबिक पिछले साल भारत-चीन द्विपक्षीय व्यापार 73.9 अरब डॉलर था। लेकिन इस दौरान भारत के व्यापार घाटे में 27.07 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि भारत का निर्यात सिर्फ 13 फीसदी अधिक 23.4 अरब डॉलर का रहा। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्षों ने समुद्री मामलों पर अपने-अपने देशों में अंतर मंत्री समूह के गठन और सुरक्षा, व्यापार, समुद्री परिवहन, समुद्री लूट जैसे कई मुद्दों पर औपचारिक वार्ता के लिए अधिकारी तैनात करने पर भी सहमति जतायी।