रतन टाटा ने टाटा मोटर्स में बढाई हिस्सेदारी
Source : Rajesh Bhagtani | Jun 16, 2012

मुम्बई। दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स की वैश्विक बिक्री अनुमान से ज्यादा रहने का असर कंपनी के शेयर पर भी खूब दिखा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर शुक्रवार को कंपनी का शेयर 5.65 फीसदी चढकर 239.50 रूपये पर बंद हुआ, जो 15 फरवरी 2012 के बाद का उच्च स्तर है। जगुआर लैंडरोवर के अच्छे प्रदर्शन के दम पर मई में कंपनी की वैश्विक बिक्री सालाना आधार पर 12 फीसदी बढकर 96,089 वाहनों की रही।
टाटा मोटर्स ने बताया कि कंपनी के चेयरमैन रतन टाटा ने गुरूवार को खुले बाजार से औसतन 233.87 रूपये के भाव पर 4,25,000 शेयरों की खरीद की। इस खरीद के बाद टाटा के पास कंपनी में 13,61,730 साधारण शेयर और 1,09,180 ए श्रेणी के साधारण शेयर हो गए है। शुक्रवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स में सबसे ज्यादा चढने वाले शेयरों में टाटा मोटर्स शुमार रही।