खुदरा आउटलेट के बाजार में उतरेगी एक्सपीडिया
Source : Rajesh Bhagtani | Jun 12, 2012

नई दिल्ली। खुदरा आउटलेट बाजार में भारी मुनाफे को देखते हुए पहली बार ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी एक्सपीडिया भारतीय बाजार में खुदरा आउटलेट खोलने की योजना बना रही है।
कंपनी की यह रणनीति केवल भातीय बाजार पर केद्रित है क्योंकि उसने इस मॉडल को पूरी दुनिया में कहीं भी नहीं अपनाया है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब कोई ऑनलाइन पर्यटन कंपनी भारत में अपना रिटेल केंद्र ऑफलाइन खोलेगी। मेक माइ ट्रिप के पूरे भारत में करीब 54 स्टोर हैं। जबकि यात्रा डॉट कॉम के पास काठमांडू में स्थापित एक रिटेल आउटलेट को मिलाकर कुल 23 आउटलेट हैं जिनका नाम यात्रा हॉलिडेजल लाउंजेज है।
दूसरी तरफ कॉक्स ऎंड किंग्स और थॉमस कुक जैसी पारंपरिक पर्यटन कंपनियां हैं जो विकास और आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में बने रहने के लिए ऑनलाइन माध्यम को ज्यादा तरजीह दे रही हैं। पर्यटन उद्योग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, कंपनियों को अगर व्यापक बाजार हिस्सेदारी को बनाए रखना है तो उन्हें हाइब्रिड मॉडल अपनाना होगा जिसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही मॉडल शामिल होंगे। भारतीय बाजार मे ब्रॉडब्रैंड की कमजोर स्थिति और ऑनलाइन भुगतान में होने वाली समस्याओं की वजह से एक्सपीडिया ऑफलाइन रिटेल खोलने की योजना पर काम कर रही है। ऑनलाइन पर्यटन क्षेत्र में एक्सपीडिया की लोकप्रियता का हवाला देते हुए कंपनी के भारत प्रमुख विक्रम मलही ने ऑफलाइन रिटेल स्टोर को स्थापित किए जाने की योजना के बारे में पुष्टि की।
विशेषज्ञों के मुताबिक ऑनलाइन कंपनियों के लिए आकार के लिहाज से टिकट का कारोबार काफी बडा है न कि मार्जिन के लिहाज से। मार्जिन के लिए हॉलिडेज कार्यक्रम की अहम भूमिका सामने आती है। ग्राहक पैकेज के दौरान रिटर्न टिकट के लिए आसानी से ऑनलाइन माध्यम का सहारा लेते हैं लेकिन अधिकांश ट्रैवल एजेंट के साथ बातचीत को ज्यादा तरजीह देते है। मेक माइ ट्रिप डॉट कॉम के मुख्य परिचालन अधिकारी केयूर जोकशी ने बताया,हम तेजी से बढते ऑफलाइन कारोबार पर सक्रितापूर्वक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और सावधानीपूर्वक वैसे निवेशकों का चयन कर रहे हैं जिनकी पर्यटन उद्योग मे दिलचस्पी है ताकि रिटेल कारोबार को स्थापित किया जा सके।