businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

रेमंड लिमिटेड को चौथी तिमाही में लगा बड़ा झटका, मुनाफा 99 प्रतिशत गिरा 

Source : business.khaskhabar.com | May 06, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 raymond ltd suffers major blow in q4 profit plummets 99% 811559मुंबई । रेमंड लिमिटेड ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में भारी गिरावट दर्ज की, जिस पर एकमुश्त (वन-टाइम) असाधारण नुकसान का असर पड़ा। 
एक्सचेंज फाइलिंग में रेमंड ने बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 99.2 प्रतिशत गिरकर मात्र 1.1 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में 133 करोड़ रुपए था। इस गिरावट की मुख्य वजह तिमाही के दौरान करीब 20 करोड़ रुपए का असाधारण खर्च रहा।
मुनाफे में भारी गिरावट के बावजूद, रेमंड का राजस्व 8.1 प्रतिशत बढ़कर 603 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 558 करोड़ रुपए था।
इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग प्रदर्शन मजबूत बना रहा, जहां ईबीआईटीडीए 37.8 प्रतिशत बढ़कर 75.5 करोड़ रुपए हो गया, जबकि मार्जिन भी 9.8 प्रतिशत से बढ़कर 12.5 प्रतिशत हो गया।
हालांकि, अन्य आय में गिरावट और खर्चों में बढ़ोतरी ने कंपनी के मुनाफे पर दबाव डाला। अन्य आय घटकर 9.6 करोड़ रुपए रह गई, जो एक साल पहले 43.9 करोड़ रुपए थी, जबकि कुल खर्च बढ़कर 587.14 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल 556.85 करोड़ रुपए था।
कंपनी ने इस तिमाही में 7.8 करोड़ रुपए का टैक्स क्रेडिट दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 8.8 करोड़ रुपए का टैक्स खर्च हुआ था।
एयरोस्पेस, रक्षा, प्रिसिजन इंजीनियरिंग और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में कारोबार करने वाली रेमंड ने बताया कि 20.03 करोड़ रुपए का असाधारण नुकसान तिमाही के मुनाफे को काफी प्रभावित कर गया।
पूरे वित्त वर्ष के आधार पर कंपनी का प्रदर्शन स्थिर रहा। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 53.54 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल के 52.02 करोड़ रुपए से थोड़ा अधिक है।
वहीं, कंपनी की कुल आय बढ़कर 2,212.1 करोड़ रुपए हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष में 1,946.84 करोड़ रुपए थी।
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम हरि सिंघानिया ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 में कंपनी के मुख्य एयरोस्पेस, रक्षा और प्रिसिजन टेक्नोलॉजी सेगमेंट में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली, जो अंतिम तिमाही में भी मजबूत बने रहे।
सिंघानिया ने कहा, "हमारी सहायक कंपनियां मजबूत ऑपरेशनल प्रदर्शन दे रही हैं और अब हमारी प्राथमिकता वैश्विक मांग के अनुरूप तेजी से विस्तार करना है। हम उच्च मार्जिन वाले अवसरों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो लंबे समय में शेयरधारकों के लिए बेहतर मूल्य सृजन करेंगे।"
--आईएएनएस
 

[@ एक बार फिर तैयार है टाइटैनिक, जानिए कैसे]


[@ इस मंदिर में लक्ष्मी माता के आठ रूप]


[@ दही से पाएं नर्म मुलायम त्वचा]