ACFI ने अमृतसर में की कृषि डीलरों और वितरकों के लिए टिकाऊ कृषि जागरूकता कार्यशाला
Source : business.khaskhabar.com | Aug 10, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। अमृतसर भारत के 85 प्रतिशत एग्रोकेमिकल उद्योग का प्रतिनिधित्व करने वाले शीर्ष संगठन एग्रो केम फेडरेशन ऑफ इंडिया (ACFI) ने शुक्रवार को अमृतसर में कृषि विक्रेताओं (डीलरों) एवं वितरकों के लिए एक जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि रसायन उद्योग और डीलर नेटवर्क के बीच सहयोग को मजबूत बनाना तथा सुरक्षित, वैज्ञानिक और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना था।
"सुरक्षित, जिम्मेदार एवं टिकाऊ कृषि के लिए डीलर-उद्योग साझेदारी को मजबूत बनाना" विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि रसायनों के जिम्मेदार उपयोग, किसानों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता, उद्योग एवं वितरकों की संयुक्त स्टूवर्डशिप पहल तथा बदलते नियामकीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित कृषि पद्धतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ. अमरजीत सिंह दोसांझ, मुख्य कृषि अधिकारी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, अमृतसर, पंजाब सरकार ने कहा, "पंजाब सरकार टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित और विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में जागरूकता फैलाने के एसीएफआई के प्रयासों का स्वागत करती है।
कृषि डीलर और वितरक किसानों के लिए तकनीकी सलाह का पहला स्रोत होते हैं, इसलिए उनका क्षमता निर्माण बेहद महत्वपूर्ण है। जिम्मेदार सलाह, नकली उत्पादों पर रोक और नियामकीय दिशानिर्देशों के पालन को बढ़ावा देने जैसी पहल बेहतर कृषि उत्पादन के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पंजाब सरकार नियामकीय संस्थाओं, उद्योग और डीलर नेटवर्क के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नियामकीय अनुपालन को मजबूत करने के लिए अपना पूरा सहयोग देती रहेगी।"
कार्यक्रम में कृषि डीलरों, वितरकों, खुदरा विक्रेताओं, फील्ड सलाहकारों तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े बिक्री एवं विपणन पेशेवरों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने कृषि रसायनों के सुरक्षित, वैज्ञानिक और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने तथा भारतीय कृषि एवं किसानों के हित में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
भारत सर्टिस एग्रीसाइंस लिमिटेड में जनरल मैनेजर (हेड) – रेगुलेटरी अफेयर्स एवं प्रोडक्ट डेवलपमेंट डॉ. रणजेश सिंह ने कहा, "कृषि डीलर और वितरक किसानों के लिए सबसे पहले संपर्क का माध्यम होते हैं। ऐसे में कृषि रसायनों के वैज्ञानिक एवं जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस कार्यक्रम में जिम्मेदार सलाह देने की संस्कृति विकसित करने, कीटनाशकों के उपयोग से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, उद्योग और वितरण नेटवर्क के बीच समन्वय बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर किसानों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।"
उन्होंने आगे कहा, "टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने, कृषि रसायनों के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने तथा बदलते स्टूवर्डशिप एवं नियामकीय मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए उद्योग, डीलरों और वितरकों के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है।"
एग्री इनपुट डीलर्स एसोसिएशन, अमृतसर के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने जिम्मेदार कृषि इनपुट खुदरा बिक्री, नकली उत्पादों की रोकथाम, पर्यावरणीय सुरक्षा के साथ कृषि उत्पादकता बढ़ाने तथा किसानों को सही जानकारी के आधार पर निर्णय लेने के लिए प्रेरित करने जैसी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में ज्ञान साझा करने, तकनीकी प्रशिक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया, ताकि उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में सरकार, उद्योग एवं डीलर संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और कीटनाशकों के उपयोग से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए टिकाऊ कृषि तथा कृषि रसायनों के वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा देने में डीलरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
[@ अरे वाह...बकरी के बच्चे के साथ योगा:देखें PIX]
[@ केसर स्वास्थ्य के लिए कई तरह से लाभकारी]
[@ पापियों को "नर्क" की याद दिलाता है ये मंदिर]