गजक रेवड़ी निर्माताओं की डिमांड निकली, सफेद तिल्ली में उछाल
Source : business.khaskhabar.com | Nov 13, 2025 | 
-शॉरटैक्स तिल्ली थोक में 130 रुपए प्रति किलो बिकी, और तेजी के आसार
जयपुर। देश में इस बार सफेद तिल का उत्पादन मात्र 35 फीसदी के आसपास ही बताया जा रहा है। यही कारण है कि इन दिनों तिल की कीमतों में निरंतर तेजी का रुख देखा जा रहा है। गजक रेवड़ी निर्माताओं की डिमांड निकलने से एक-डेढ़ सप्ताह के दौरान तिल्ली में लगभग 20 रुपए प्रति किलो की मजबूती आ चुकी है। वर्तमान में शॉरटैक्स तिल्ली के थोक भाव 130 रुपए प्रति किलो के आसपास चल रहे हैं। ब्यावर (अजमेर) स्थित फर्म रॉयल एग्रो के प्रकाश मंगरौला कहते हैं कि देश के उत्पादन केन्द्रों पर नई तिल्ली की आपूर्ति बढ़ नहीं पा रही है। तिल्ली का स्टॉक भी ज्यादा नहीं है। इसे देखते हुए तिल्ली के भावों में 15 से 20 रुपए प्रति किलो शीघ्र ही बढ़ सकते हैं। ध्यान रहे पिछले साल अफ्रीकन देशों के साथ-साथ ब्राजील सहित अन्य देशों की तिल्ली की आवक लगातार हो रही थी। फिलहाल विदेशों से आने वाली तिल्ली के पड़ते हैं या नहीं अभी स्पष्ट नहीं है। विदेशी सौदों पर ही आगे का व्यापार निर्भर करेगा। गत वर्ष विदेशों से तिल्ली की निरंतर आवक होने से इसके भाव काफी नीचे आ गए थे। इस बार लगातार बारिश होने से तिल्ली की फसल में काफी नुकसान हुआ है। सर्दी के मौसम में तिल्ली की खपत ज्यादा होने के कारण इसकी डिमांड बनी रहेगी, लिहाजा कीमतों में मंदी के आसार बिल्कुल नहीं हैं। बता दें भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा तिलहन उत्पादक देश है। विश्व के कुल तिलहन क्षेत्रफल का लगभग 19 प्रतिशत भारत में है। तिलहन उत्पादन में राजस्थान भारत का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है, जो देश के कुल तिलहन उत्पादन का 22 फीसदी के आसपास योगदान देता है।
[@ खुलासा! गुप्त यूएफओ में दर्ज है ब्रिटेन में आए थे एलियन]
[@ यह बच्चा धीरे धीरे बनता जा रहा है पत्थर!]
[@ गजब! अजगर और मगर के बीच रहता है ये परिवार]