अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का मुनाफा दूसरी तिमाही में दोगुना हुआ, आय 51 प्रतिशत बढ़ी
Source : business.khaskhabar.com | Oct 22, 2026 | 

मुंबई । अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। जुलाई-सितंबर अवधि में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 145 प्रतिशत बढ़कर 1,364 करोड़ रुपए हो गया है। इस दौरान कंपनी की आय 51 प्रतिशत बढ़त के साथ 10,239 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है।
वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में कंपनी की परिचालन से आय सालाना आधार पर 51 प्रतिशत बढ़कर 7,167 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। इसकी वजह कंपनी के ट्रांसमिशन और एनर्जी सॉल्यूशंस प्लेटफॉर्म का अच्छा प्रदर्शन करना है।
सितंबर तिमाही में कंपनी एबिटडा सालाना आधार पर 67 प्रतिशत बढ़कर 3,548 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं, ऑपरेशनल एबिटडा सालाना आधार पर 68 प्रतिशत बढ़कर 3,070 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है।
वित्त वर्ष 27 की पहली छमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 137 प्रतिशत बढ़कर 2,600 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं, कुल आय 46 प्रतिशत बढ़कर 20,092 करोड़ रुपए हो गई है।
नतीजों पर अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के सीईओ कंदर्प पटेल ने कहा, "एईएसएल ने वित्तीय वर्ष की पहली छमाही को मजबूत वित्तीय और परिचालन गति के साथ पूरा किया है, जिससे भविष्य की वृद्धि के लिए एक ठोस आधार तैयार हुआ है। हमने विजाग और सतारा के रणनीतिक ट्रांसमिशन एसेट्स हासिल करके अपनी ग्रोथ पाइपलाइन का काफी विस्तार किया है, जिससे हमारा एक्टिव ऑर्डर बुक लगभग 87,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।"
उन्होंने बताया कि परिचालन के लिहाज से, मुंबई वितरण कारोबार में बेची गई बिजली यूनिट्स में लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि स्मार्ट मीटरिंग प्लेटफॉर्म के तहत लगाए गए मीटरों की संख्या बढ़कर लगभग 1.5 करोड़ हो गई है।
पटेल ने कहा, "एमएसईडीसीएल के साथ 2.5 गीगावाट आरटीसी बिजली आपूर्ति का एक बड़ा अनुबंध, ग्राहकों के लिए कई स्रोतों से ऊर्जा जुटाने और बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने में एईएसएल की मुख्य क्षमताओं को और मजबूत करता है।"
उन्होंने आगे कहा, "सभी व्यावसायिक क्षेत्रों में तिमाही-दर-तिमाही मजबूत प्रदर्शन और सख्त वित्तीय अनुशासन के दम पर, हम इस विशाल प्रोजेक्ट पाइपलाइन को हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य में बदलने की अच्छी स्थिति में हैं।"
सेगमेंट आधार पर दूसरी तिमाही में कंपनी की ट्रांसमिशन ऑपरेटिंग आय सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 1,521 करोड़ रुपए हो गई है, जबकि डिस्ट्रीब्यूशन (एईएमएल और एमयूएल) की आय 2 प्रतिशत बढ़कर 3,181 करोड़ रुपए हो गई है।
स्मार्ट मीटरिंग ऑपरेशन से आय 129 प्रतिशत उछलकर 267 करोड़ रुपए हो गई है और एनर्जी सॉल्यूशंस से आय 2,197 करोड़ रुपए हो गई है।
बीएसई पर अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर 1,293 रुपए पर बंद हुए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, अदाणी ग्रुप के इस शेयर का 52-हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,789 रुपए और 52-हफ्ते का निचला स्तर 804.70 रुपए रहा है।
--आईएएनएस
[@ एलियंस को ढूंढेगा यह टेलीस्कोप!]
[@ शाम को ना करें ये काम, वरना हो जाएंगे कंगाल]
[@ कुंडली का ये भाव बताता है आप ‘अमीर’ है या ‘गरीब’]