businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

स्टॉक कमी और सावों की मांग से देशी घी 10,875 रुपए टिन के पार, SMP में भी रिकॉर्ड तेजी

Source : business.khaskhabar.com | Nov 25, 2026 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 desi ghee crosses rs 10875 tin due to stock shortage and demand for saawas smp also records rise 863250
बिजनेस डेस्क। जयपुर 

शादियों के सीजन (सावों) की शुरुआत और कैरी-फॉरवर्ड स्टॉक की भारी कमी ने डेयरी कमोडिटी बाजार का गणित बिगाड़ दिया है। दिवाली के बाद से ही देशी घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP) की कीमतों में लगातार तेजी का रुख बना हुआ है। थोक बाजार में इन दोनों ही उत्पादों के भाव 20 से 30 रुपए प्रति किलो तक उछल चुके हैं। 

हैरानी की बात यह है कि फ्लश सीजन के चलते डेयरी प्लांटों में तरल दूध (लिक्विड मिल्क) की दैनिक आपूर्ति बढ़कर एक करोड़ लीटर के स्तर पर पहुंच गई है, इसके बावजूद कीमतों में नरमी के बजाय तेजी हावी है। 

डिमांड-सप्लाई का असंतुलन और निर्यात का दबावः 

बाजार विश्लेषकों और डेयरी कारोबारियों के अनुसार, कीमतों में इस उछाल के पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण हैं। पहला, छठ पूजा के तुरंत बाद देशभर में वैवाहिक सीजन शुरू होने से बल्क खरीदारों, कैटरर्स और मिठाई निर्माताओं की तरफ से देशी घी की जबरदस्त मांग निकल रही है। दूसरा, पिछले सीजन का बचा हुआ स्टॉक (बफर स्टॉक) लगभग समाप्त हो चुका है, जिससे बाजार में 'स्टॉक तंगी' की स्थिति बनी हुई है। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इस बार स्किम्ड मिल्क पाउडर की दरें काफी ऊंची बोली जा रही हैं। 

वैश्विक बाजार में भारतीय दूध पाउडर की निर्यात मांग (एक्सपोर्ट डिमांड) मजबूत होने से घरेलू प्लांटों में आने वाला अतिरिक्त दूध सीधे पाउडर और बटर में कन्वर्ट हो रहा है। यही कारण है कि एक करोड़ लीटर प्रतिदिन की भारी आवक के बावजूद घरेलू बाजार में सप्लाई का दबाव कम नहीं हो पा रहा है। 

थोक बाजार के ताजा भाव और ब्रांडेड सेगमेंट की चुनौतीः 

तेजी के इस दौर में प्रमुख ब्रांडों के थोक भावों ने नई ऊंचाई छू ली है। प्रमुख ब्रांड 'महान' का 15 किलो का टिन थोक बाजार में 10,875 रुपए (लगभग 725 रुपए प्रति किलो) के स्तर पर पहुंच गया है। अन्य प्रतिष्ठित ब्रांडों के भावों में भी इसी अनुपात में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 'बंगाल टाइगर' ब्रांड दूध पाउडर के भाव उछलकर 415 रुपए प्रति किलो पर जा पहुंचे हैं, जो हाल के महीनों का उच्चतम स्तर है। 

मिलावटखोरों से बढ़ी असली ब्रांडों की मुसीबतः 

कच्चे दूध की ऊंची खरीद लागत (प्रोक्योरमेंट कॉस्ट) ने संगठित और नामी डेयरी कंपनियों के सामने दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है। एक तरफ जहां उनकी उत्पादन लागत बढ़ गई है, वहीं दूसरी तरफ बाजार में सस्ते और मिलावटी देशी घी की आवक बढ़ गई है। असंगठित क्षेत्र के मिलावटखोर वनस्पति और अन्य सस्ते फैट मिलाकर कम दामों पर घी खपा रहे हैं। इससे शुद्धता के मानकों पर काम करने वाले बड़े ब्रांडों के लिए मार्जिन बचाना और बाजार हिस्सेदारी बनाए रखना कठिन हो गया है। 

आगामी रुखः 

डेयरी सेक्टर के जानकारों का मानना है कि दिसंबर और जनवरी में सावों की जोरदार मांग और सर्दियों में घी की बढ़ी हुई घरेलू खपत को देखते हुए फिलहाल कीमतों में मंदी के कोई आसार नहीं हैं। जब तक प्लांटों में दूध की आवक और अधिक नहीं बढ़ती तथा नया स्टॉक पाइपलाइन में नहीं आता, तब तक देशी घी और दूध पाउडर के भाव ऊंचे स्तर पर ही बने रहने की प्रबल संभावना है।

[@ 5 अनोखे होम टिप्स से पाएं खूबसूरत त्वचा ]


[@ गजब! अजगर और मगर के बीच रहता है ये परिवार]


[@ मस्जिद में सिर्फ महिलाए पढती हैं नमाज,ऎसा क्यों]


Headlines