businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

रियल एस्टेट दिग्गज सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया को पहली तिमाही में 16.5 करोड़ रुपए का घाटा, रेवेन्यू भी घटा

Source : business.khaskhabar.com | Aug 06, 2026 | businesskhaskhabar.com Market News Rss Feeds
 real estate giant signature global india reported a loss of rs 165 crore in the first quarter with revenue also declining 834572
बिजनेस डेस्क। मुंबई 

रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया लिमिटेड चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में घाटे में चली गई है। कंपनी ने गुरुवार को बताया कि उसे पहली तिमाही में 16.5 करोड़ रुपए का समेकित शुद्ध घाटा (नेट लॉस) हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 34.4 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। 

स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, कंपनी की परिचालन आय (रेवेन्यू) में भी गिरावट दर्ज की गई। जून तिमाही में कंपनी का राजस्व घटकर 552 करोड़ रुपए रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 865.6 करोड़ रुपए था। परिचालन स्तर पर भी कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहा। जून तिमाही में सिग्नेचर ग्लोबल का ईबीआईटीडीए 44.7 करोड़ रुपए के घाटे में रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 33 करोड़ रुपए का ईबीआईटीडीए लाभ कमाया था। 

इस बीच, गुरुवार के सत्र में रियल एस्टेट डेवलपर के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। बाजार बंद होने के समय कंपनी के शेयर 0.33 प्रतिशत यानी 2.70 रुपए की गिरावट के साथ 811 रुपए पर बंद हुए। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में यह स्टॉक 0.40 प्रतिशत यानी 3.25 रुपए कमजोर हुआ है। हालांकि, एक महीने के नजरिए से देखें तो शेयर ने सकारात्मक रिटर्न दिया है। 

पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर 2.82 प्रतिशत या 22.25 रुपए चढ़े हैं। लॉन्ग टर्म के प्रदर्शन पर नजर डालें तो पिछले 6 महीनों में कंपनी के शेयरों में 8.88 प्रतिशत यानी 79 रुपए की गिरावट आई है। वहीं, वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक शेयर करीब 28.15 प्रतिशत यानी 317.70 रुपए टूट चुका है। कंपनी के चेयरमैन एवं पूर्णकालिक निदेशक प्रदीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि तिमाही के दौरान कंपनी का प्रदर्शन उसके मजबूत बिजनेस मॉडल और अनुशासित कार्यान्वयन को दर्शाता है। 

उन्होंने कहा, "राजस्व की मान्यता परियोजनाओं की समयसीमा से प्रभावित हुई, लेकिन कंपनी की बुनियादी स्थिति मजबूत बनी हुई है। हमारे पास मजबूत प्रोजेक्ट पाइपलाइन है और निर्माण कार्य लगातार प्रगति पर है। बेहतर उत्पाद मिश्रण, मजबूत मांग और ऊंची बिक्री दरों के कारण प्री-सेल्स में अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला है, जो ग्राहकों के सिग्नेचर ग्लोबल ब्रांड पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।" 

अग्रवाल ने कहा कि इस तिमाही में कंपनी ने टोनिनो लेम्बोर्गिनी के साथ साझेदारी कर ब्रांडेड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स के क्षेत्र में भी कदम रखा है। उन्होंने कहा, "नई परियोजना को ग्राहकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इससे हमारी प्रीमियम हाउसिंग रणनीति को मजबूती मिली है और प्रीमियम आवासीय बाजार में हमारी स्थिति और मजबूत हुई है।" हरियाणा के गुरुग्राम मुख्यालय वाली सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल है। 

कंपनी ने शुरुआत में किफायती आवास परियोजनाओं पर फोकस किया था, लेकिन हाल के वर्षों में उसने मिड-इनकम और प्रीमियम हाउसिंग सेगमेंट में भी अपने कारोबार का विस्तार किया है। इसके साथ ही कंपनी वाणिज्यिक (कॉमर्शियल) परियोजनाओं के विकास में भी सक्रिय है। -आईएएनएस

[@ जानें संतुलित आहार की अनजानी बातों के बारे में ]


[@ गुणकारी अंगूर,जानिए इसके 5 लाभ]


[@ कमाल के टिप्स पाएं: खूबसूरत कमसिन त्वचा]