भारत में टेलीकॉम, बैंकिंग और इंश्योरेंस की कीमतें दूसरी तिमाही में करीब सपाट रहीं
Source : business.khaskhabar.com | Nov 25, 2026 | 

नई दिल्ली । केंद्र सरकार की ओर से बुधवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के सर्विस प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (एसपीपीआई) के प्रोविजनल आंकड़े जारी किए गए। इसमें टेलीकॉम, बैंकिंग और इंश्योरेंस की कीमतें करीब समान रही हैं।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी डेटा में बताया गया कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में टेलीकॉम सर्विस प्राइस इंडेक्स 112.2 (प्रोविजनल)रहा है, जो कि वित्त 27 की पहली तिमाही में भी 112.2 (फाइनल) था।
बैंकिंग सर्विसेज प्राइस इंडेक्स वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में 99.5 (प्रोविजनल) रहा है, जो कि इससे पहले की तिमाही में 99.2 (फाइनल) रहा। वहीं, समीक्षा अवधि में इंश्योरेंस सर्विसेज प्राइस इंडेक्स 102.9 (फाइनल) से बढ़कर 103.2 (प्रोविजनल) हो गया।
इसके अलावा, वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में रेलवे सर्विस प्राइस इंडेक्स घटकर 102.7 (प्रोविजनल) हो गया है, जो वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में 103.4 (फाइनल) था। वहीं, एयर (पैसेंजर) सर्विसेज इंडेक्स पिछली तिमाही के 126.4 (फाइनल) से बढ़कर दूसरी तिमाही में 127.8 (प्रोविजनल) हो गया है।
पिछले हफ्ते मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों में बताया गया था कि थोक महंगाई दर अक्टूबर में सालाना आधार पर बढ़कर 12.29 प्रतिशत हो गई है, जो कि सितंबर 2026 में 11.39 प्रतिशत थी। इसकी वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में सालाना आधार पर 32.84 प्रतिशत के उछाल को माना जा रहा है। इससे अक्टूबर 2026 के लिए सभी वस्तुओं का थोक महंगाई का सूचकांक बढ़कर 113.3 हो गया है, जबकि सितंबर 2026 में यह 112.5 था।
अक्टूबर में प्राथमिक वस्तुओं, ईंधन और बिजली और विनिर्मित वस्तुओं में थोक महंगाई दर सालाना आधार पर क्रमश: 9.24 प्रतिशत, 32.84 प्रतिशत और 9.54 प्रतिशत थी। सितंबर में यह क्रमश: 8.67 प्रतिशत, 25.85 प्रतिशत और 9.76 प्रतिशत थी।
मंत्रालय ने बताया कि अक्टूबर 2026 में मिनरल ऑयल (जिसमें पेट्रोलियम उत्पाद शामिल हैं), कच्चा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, बिजली, खाद्य वस्तुएं, मूल धातुओं का निर्माण, रसायनों और रासायनिक उत्पादों का निर्माण, खाद्य उत्पादों का निर्माण, गैर-खाद्य वस्तुएं, कपड़ा निर्माण, और रबर तथा प्लास्टिक उत्पादों का निर्माण जैसे समूहों ने थोक महंगाई को बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभाई।
--आईएएनएस
[@ शबाना आजमी को शुरुआती दिनों में इस एक्टर से मिली थी फटकार]
[@ घर के कई वास्तु दोष दूर करती है तुलसी ]
[@ प्रदूषण का आंखों पर होता है ये असर]