गेहूं बाजार में उबाल: सरकारी खरीद के साथ स्टॉकिस्ट सक्रिय, कीमतों में उछाल शुरू
Source : business.khaskhabar.com | Apr 30, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। जयपुर देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं की सरकारी खरीद ने अब रफ्तार पकड़ ली है। खरीद के 'पीक सीजन' में स्टॉकिस्टों और रोलर फ्लोर मिलों की बढ़ती सक्रियता के चलते बाजार में कीमतों ने चढ़ना शुरू कर दिया है। जयपुर मंडी में गुरुवार को मिल डिलीवरी दड़ा गेहूं के भाव ₹50 की तेजी के साथ ₹2575 प्रति क्विंटल के स्तर पर पहुंच गए।
अग्रणी कारोबारी और मित्तल दलिया के निर्माता मुकुल मित्तल के अनुसार, इस सीजन में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में फसल की चमक (Lustre) को प्रभावित किया है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने खरीद नियमों में बड़ी राहत दी है। भीगे हुए गेहूं के रंग में छूट की सीमा को 70% तक बढ़ा दिया गया है। इसी तरह डैमेज और टूटे हुए दानों की खरीद सीमा को 6% से बढ़ाकर 20% कर दिया गया है। इन रियायतों के कारण क्रय केंद्रों पर आवक और खरीद दोनों में तेजी आई है।
देश में इस वर्ष गेहूं उत्पादन का लक्ष्य 1150 लाख मीट्रिक टन रखा गया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो हरियाणा में अब तक 56.13 लाख टन की खरीद हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9 लाख टन अधिक है। हरियाणा अपने 75 लाख टन के लक्ष्य के बेहद करीब है। मध्य प्रदेश में फिलहाल सरकारी खरीद के आंकड़े उम्मीद से कम (निराशाजनक) बने हुए हैं।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जिस तरह से सरकारी एजेंसियां और निजी फ्लोर मिलें आक्रामक खरीद कर रही हैं, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में गेहूं की कीमतों में और अधिक तेजी आने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं।
[@ इस दिशा में हो मंदिर, तो घर में होती है कलह]
[@ जब इस डायरेक्टर ने राखी गुलजार को मारा था थप्पड़]
[@ इस गुफा का चमत्कार सुनकर रह जाएंगे दंग]