एस्ट्रोटॉक का वित्त वर्ष 2026 में मुनाफा 10 गुना बढ़ा; आय 1,800 करोड़ रुपए के पार
Source : business.khaskhabar.com | Oct 28, 2026 | 
नई दिल्ली। ज्योतिष और आध्यात्मिक प्लेटफॉर्म एस्ट्रोटॉक ने वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध मुनाफे में 10 गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की है। मुनाफे में यह उछाल कंपनी के मुख्य परामर्श कारोबार में मजबूत वृद्धि, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी से विस्तार और ई-कॉमर्स कारोबार के बढ़ने से आया है।
नोएडा स्थित कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 222 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष के 22 करोड़ रुपए की तुलना में काफी अधिक है। वहीं, कंपनी की परिचालन से आय सालाना आधार पर 55 प्रतिशत बढ़कर 1,823 करोड़ रुपए हो गई है, जो पिछले वित्त वर्ष में 1,176 करोड़ रुपए थी।
एस्ट्रोटॉक अपने मंच के जरिए उपयोगकर्ताओं को सशुल्क चैट, कॉल और वीडियो परामर्श के माध्यम से ज्योतिषियों से जोड़ता है। कंपनी को अब भी अपने मुख्य परामर्श कारोबार से सबसे अधिक आय प्राप्त होती है। वित्त वर्ष 2025-26 में परामर्श सेवाओं से आय 45 प्रतिशत बढ़कर 1,657 करोड़ रुपए हो गई है, जो एक साल पहले 1,139 करोड़ रुपए थी। यह कंपनी की कुल परिचालन आय का लगभग 91 प्रतिशत है।
इस दौरान कंपनी के कारोबार में वृद्धि का एक प्रमुख कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उसका विस्तार रहा। विदेशों से प्राप्त आय वित्त वर्ष 2025-26 में 2.6 गुना बढ़कर 621 करोड़ रुपए हो गई है, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 236 करोड़ रुपए था। इससे कंपनी की कुल आय में अंतरराष्ट्रीय कारोबार की हिस्सेदारी एक साल पहले के 20 प्रतिशत से बढ़कर 34 प्रतिशत हो गई।
घरेलू कारोबार से प्राप्त आय में भी वृद्धि दर्ज की गई। यह 28 प्रतिशत बढ़कर 1,202 करोड़ रुपए हो गया। वित्त वर्ष के दौरान कंपनी की आय में हुई कुल अतिरिक्त वृद्धि में अंतरराष्ट्रीय बाजारों का योगदान आधे से अधिक रहा।
कंपनी ने एस्ट्रोटॉक स्टोर के जरिए ई-कॉमर्स कारोबार में भी अपनी मौजूदगी मजबूत की है। इस स्टोर पर प्रमाणित रुद्राक्ष, रत्न, क्रिस्टल और वास्तु से संबंधित उत्पाद बेचे जाते हैं। इन उत्पादों की बिक्री कंपनी अपने मंच के साथ-साथ ऑनलाइन मार्केटप्लेस के जरिए भी करती है।
इस कारोबार से आय वित्त वर्ष 2025-26 में 4.4 गुना बढ़कर 166 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 37 करोड़ रुपए था।
कंपनी के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए इसके संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुनीत गुप्ता ने कहा कि कंपनी ने भारत से एक विविधीकृत वैश्विक कारोबार खड़ा करने पर ध्यान केंद्रित किया है।
उन्होंने कहा, “हमने भारत से एक विविधीकृत वैश्विक कारोबार खड़ा करने का लक्ष्य रखा था और वित्त वर्ष 2025-26 के नतीजे दिखाते हैं कि हमारी रणनीति काम कर रही है। अब हमारे राजस्व का एक-तिहाई हिस्सा भारत के बाहर से आता है और एस्ट्रोटॉक स्टोर दूसरे प्रमुख कारोबार के रूप में विकसित हो गया है।”
हालांकि, कंपनी के तेजी से विस्तार के साथ उसके खर्च में भी वृद्धि हुई। ग्राहकों को जोड़ने के प्रयासों को तेज करने के कारण विज्ञापन और कारोबारी प्रचार पर खर्च दोगुने से अधिक बढ़कर 823 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 337 करोड़ रुपए था। यह खर्च कंपनी के कुल व्यय के आधे से अधिक रहा।
कानूनी और पेशेवर सेवाओं पर खर्च भी बढ़कर 550 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 515 करोड़ रुपए था। इसमें परामर्श सेवाओं के लिए ज्योतिषियों को किए गए भुगतान भी शामिल हैं।
--आईएएनएस
[@ कोमा से बाहर आते ही बोलने लगा दूसरे देश की भाषा]
[@ व्यापार में सफलता के अचूक उपाय]
[@ एलियंस को ढूंढेगा यह टेलीस्कोप!]