businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

नेटफ्लिक्स अगले सप्ताह अपने करीब 5 प्रतिशत कर्मचारियों की कर सकती है छंटनी : रिपोर्ट

Source : business.khaskhabar.com | Oct 10, 2026 | businesskhaskhabar.com Gadget News Rss Feeds
 netflix may lay off about 5 of its workforce next week report 851993नई दिल्ली । वीडियो स्ट्रीमिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी नेटफ्लिक्स अपने करीब 5 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है। इस कदम से कंपनी में सैकड़ों नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। यह जानकारी मामले से  जुड़े सूत्रों की ओर से रिपोर्ट में दी गई। 
पक न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अगले सप्ताह की शुरुआत में ही छंटनी की आधिकारिक घोषणा कर सकती है। पिछले साल के अंत में कंपनी में लगभग 16,000 कर्मचारी थे। 
नेटफ्लिक्स में छंटनी का पिछला बड़ा दौर 2022 में आया था, जब कंपनी ने धीमी वृद्धि और सब्सक्राइबर की संख्या में गिरावट के बीच सैकड़ों कर्मचारियों की नौकरियां खत्म कर दी थीं।
यह छंटनी ऐसे समय में किए जाने पर विचार किया जा रहा है, जब स्ट्रीमिंग उद्योग में नेटफ्लिक्स को बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। मीडिया कंपनियां एकीकरण कर रही हैं, जबकि गूगल के स्वामित्व वाला यूट्यूब दर्शकों और विज्ञापन खर्च का बढ़ता हिस्सा आकर्षित कर रहा है।
नेटफ्लिक्स ने छंटनी से जुड़ी इन रिपोर्ट्स पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
इसके अतिरिक्त, नेटफ्लिक्स ने अपने पारंपरिक सब्सक्रिप्शन कारोबार से आगे बढ़ते हुए विज्ञापन, लाइव प्रोग्रामिंग और गेमिंग के क्षेत्र में भी विस्तार किया है।
मई में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र में छंटनी की रफ्तार तेज हो रही है। इस साल की पहली तिमाही में ही 80,000 से अधिक नौकरियां खत्म की जा चुकी थीं और इस साल कुल नौकरियों में कटौती का आंकड़ा 3 लाख से अधिक होने की आशंका है। इस छंटनी में ओरेकल, अमेजन और मेटा जैसी कंपनियां आगे हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, सॉफ्टवेयर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ओरेकल ने छंटनी का एक नया दौर शुरू किया है। कंपनी वेतन और कर्मचारियों पर होने वाले खर्च को कम करना चाहती है, जबकि दूसरी ओर वह डेटा सेंटर की क्षमता बढ़ाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंप्यूटिंग की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अरबों डॉलर का निवेश करने की प्रतिबद्धता भी जता रही है।
कंपनी की ओर से दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, 31 मई, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के दौरान ओरेकल के कर्मचारियों की संख्या में लगभग 21,000 यानी 13 प्रतिशत की गिरावट आई। छंटनी के इस नए दौर से पहले कंपनी में करीब 1,41,000 कर्मचारी थे।
यह कदम बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों पर बढ़ते दबाव को दर्शाता है। ये कंपनियां परिचालन लागत पर नियंत्रण बनाए रखते हुए एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के तेजी से विस्तार के लिए धन जुटाने की कोशिश कर रही हैं।
—आईएएनएस
 

[@ झील के पानी में हाथ डालते ही उठने लगी आग की लपटे!]


[@ ये है "भूतिया" जंगल,जान देने आते है लोग]


[@ सुनील दत्त के कारण मिला बॉलीवुड को मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर]