businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

सोना और चांदी में 2027 के शुरुआती छह महीनों में जारी रह सकती है कमजोरी, केंद्रीय बैंकों की खरीद से मिलेगा सपोर्ट: एनालिस्ट 

Source : business.khaskhabar.com | Nov 26, 2026 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 gold and silver prices may remain weak in the first six months of 2027 with central bank purchases expected to provide support analyst 863554मुंबई । सोने और चांदी में 2026 में शुरू हुई गिरावट 2027 के शुरुआती छह महीनों में भी जारी रह सकता है। हालांकि, केंद्रीय बैंकों और संस्थागत खरीदारी (ईटीएफ, इंश्योरेंस कंपनियों और पेंशन फंड्स) से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिलता रहेगा। यह जानकारी एनालिस्ट्स की ओर से गुरुवार को दी गई। 
ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा के कमोडिटी प्रमुख और सीआरएम एनएस रामास्वामी ने आईएएनएस से कहा कि निकट भविष्य में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दरों में बढ़ोतरी या यील्ड का ऊंचे स्तर पर बने रहना सोने पर दबाव डाल सकता है और अमेरिकी डॉलर को मजबूती दे सकता है। वहीं, 2027 के मध्य में दरों में कटौती और यील्ड में नरमी आने से रिकवरी को समर्थन मिल सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय बैंक और संस्थागत खरीदार (जिनमें ईटीएफ, इंश्योरेंस कंपनियों और पेंशन फंड्स शामिल हैं) मुख्य संरचनात्मक कारक बने हुए हैं। इनकी मांग एक दीर्घकालिक संरचनात्मक आधार प्रदान करती है, हालांकि यह छोटी अवधि में कमजोरी नहीं रोक सकती।
सोने पर पूर्वानुमान पर रामास्वामी ने कहा कि कीमतें 2027 की पहली तिमाही में 3,400-3,700 डॉलर प्रति औंस, दूसरी तिमाही में 3,600-4,000 डॉलर प्रति औंस, तीसरी तिमाही में 4,200-4,800 डॉलर प्रति औंस और चौथी तिमाही में 4,900-5,200 डॉलर के बीच रह सकती हैं।
वहीं, चांदी पर उन्होंने कहा कि 2027 की पहली छमाही में चांदी की कीमत 48-55 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रहने उम्मीद है और 2027 के आखिर तक यह 65-75 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकती है।
इसके अलावा, 2027 के लिए सोने और चांदी के आउटलुक पर पीएल कैपिटल के कमोडिटीज प्रमुख आशीष राजोदिया ने आईएएनएस से कहा कि साल 2027 में सोना और चांदी एक बड़ी गिरावट के साथ प्रवेश करेंगे, जिसमें एमसीएक्स पर सोना 1.20 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.40 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास है। इस बिकवाली में मुख्य भूमिका फ्यूचर्स फंड्स और फेड द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंकाओं की रही, न कि लंबे समय तक निवेश रखने वाले निवेशकों की। वहीं, कीमतों में गिरावट आने पर फिजिकल खरीदार बाजार में बढ़ गए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बेस केस में, अगले छह महीनों के दौरान सोने का भाव 1,12,000 रुपए से 1,35,000 रुपए प्रति 10 ग्राम (3,200 डॉलर-3,900 डॉलर प्रति औंस) के बीच रहने की उम्मीद है। अगले बारह महीनों में, जैसे-जैसे ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव कम होगा, यह दायरा बढ़कर 1,20,000 रुपए से 1,50,000 रुपए प्रति 10 ग्राम (3,450 डॉलर-4,300 डॉलर प्रति औंस) तक जा सकता है।
राजोदिया के मुताबिक, इस दौरान चांदी में अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। छह महीनों में चांदी का भाव 1,25,000 रुपए से 1,65,000 रुपए प्रति किलोग्राम (35 डॉलर -46 डॉलर प्रति औंस) और अगले बारह महीनों में 1,40,000 रुपए से 1,90,000 रुपए प्रति किलो (39 डॉलर -54 डॉलर प्रति औंस) के बीच रहने की संभावना है।
--आईएएनएस 

[@ दही से पाएं नर्म मुलायम त्वचा]


[@ इस बकरी का स्टंट देख दंग रह जाएंगे आप ]


[@ लहसुन में समाए हैं सेहत के राज... ]