एआई सेक्टर में वैल्यूएशन चिंताओं के बीच भारत वैश्विक निवेश आकर्षित करने की मजबूत स्थिति में: सीईए नागेश्वरन
Source : business.khaskhabar.com | Nov 19, 2026 | 
मुंबई। भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार अनंत नागेश्वरन ने गुरुवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्षेत्र में ऊंचे वैल्यूएशन को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच भारत वैश्विक निवेश आकर्षित करने की बेहद मजबूत स्थिति में है। उन्होंने बताया कि जब निवेशक एआई से जुड़े निवेशों का पुनर्मूल्यांकन करेंगे और अपनी पूंजी आवंटन रणनीति पर पुनर्विचार करेंगे, तो भारत जैसे मजबूत आर्थिक आधार वाले देशों को इसका बड़ा लाभ मिल सकता है।
मुंबई में आयोजित वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंजेज (डब्ल्यूएफई) की 65वीं आम सभा और वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए नागेश्वरन ने कहा कि भारत का मजबूत व्यापक आर्थिक प्रदर्शन, गरीबी में लगातार कमी और तेजी से विकसित हो रहा कॉर्पोरेट परिदृश्य देश को वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बना रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में वैश्विक पूंजी का बड़ा हिस्सा एआई-आधारित निवेशों की ओर आकर्षित हुआ है। हालांकि, ऊर्जा कीमतों में नरमी और एआई क्षेत्र के अत्यधिक मूल्यांकन को लेकर निवेशकों द्वारा हो रहे पुनर्मूल्यांकन से पूंजी का रुख उन अर्थव्यवस्थाओं की ओर हो सकता है जिनके पास मजबूत विकास क्षमता और स्थिर आर्थिक आधार मौजूद हैं।
नागेश्वरन ने कहा कि भारत ऐसे देशों में प्रमुख लाभार्थियों में शामिल हो सकता है, क्योंकि यहां आर्थिक मजबूती और दीर्घकालिक विकास की संभावनाएं निवेशकों को आकर्षित करती हैं।
उन्होंने बताया कि नवंबर के पहले 18 दिनों में भारतीय बाजारों में 11.3 अरब डॉलर का विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) आया, जो पिछले तीन महीनों में प्राप्त कुल निवेश प्रवाह से भी अधिक है। यह वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास का संकेत है।
मुख्य आर्थिक सलाहकार ने कहा कि एआई और वैश्विक तकनीकी निवेशों से प्रभावित पूंजी प्रवाह आने वाले समय में अधिक स्थिर हो सकते हैं। इससे भारतीय रुपए को भी समर्थन मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार व्यवधानों, भू-राजनीतिक संघर्षों और आपूर्ति पक्ष से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद भारत ने लगभग 7 प्रतिशत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर बनाए रखकर उल्लेखनीय आर्थिक मजबूती दिखाई है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में तैयार किए गए आर्थिक सुरक्षा कवच और नीतिगत सुधारों ने भारत को इन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाया है।
सामाजिक विकास का उल्लेख करते हुए नागेश्वरन ने कहा कि हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ भारतीय मध्यम गरीबी की सीमा से ऊपर आए हैं, जबकि पिछले एक दशक में अत्यधिक गरीबी में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
उन्होंने आगे कहा कि केवल आर्थिक वृद्धि दर को सफलता का पैमाना नहीं माना जा सकता। विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए, विशेषकर निम्न आय वर्ग के लोगों तक। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास समावेशी और व्यापक होना चाहिए ताकि दीर्घकालिक सामाजिक एवं आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।
नागेश्वरन ने कहा कि गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण प्रगति ग्रामीण भारत में देखने को मिली है, जहां आर्थिक अवसरों और सरकारी योजनाओं के विस्तार का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
--आईएएनएस
[@ इस दिशा में हो मंदिर, तो घर में होती है कलह]
[@ जानें संतुलित आहार की अनजानी बातों के बारे में ]
[@ ऎसा करने से चमकेगी किस्मत]