businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

त्योहारी सीजन में नई कार लेने का प्लान, इन तरीकों से बचाएं हजारों रुपए

Source : business.khaskhabar.com | Sep 29, 2026 | businesskhaskhabar.com Automobile News Rss Feeds
 planning to buy a new car this festive season save thousands of rupees with these tips 848868
ऑटो डेस्क। नई दिल्ली 

भारत में त्योहारों का सीजन ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए बेहद खास माना जाता है। नवरात्रि से लेकर दिवाली तक बड़ी संख्या में लोग अपने घर में नई कार लाने का प्लान बनाते हैं। इसकी एक सबसे बड़ी वजह इस दौरान मिलने वाले बंपर डिस्काउंट, विशेष ऑफर्स और नए लॉन्च हो सकते हैं। 

अगर अगर आप भी इस त्योहारी सीजन में अपने घर में नया वाहन लाने का सोच रहे हैं, तो सिर्फ गाड़ी की शुरुआती कीमत देखकर डील फाइनल न करें। थोड़ी सी रिसर्च और स्मार्ट तरीके से मोलभाव (Negotiation) करके आप कार की कीमत के साथ-साथ इंश्योरेंस और एक्सेसरीज जैसे अतिरिक्त खर्चों में भी अपने हजारों रुपये बचा सकते हैं। आइए जानते हैं कार खरीदते समय आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए...। 

कंपनी के ऑफर्स पर रखें नजरः 
त्योहार शुरू होते ही कार कंपनियां अक्सर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग डिस्काउंट और ऑफर्स पेश करती है। इसलिए कार खरीदने से पहले सिर्फ अपने नजदीकी शोरूम की डील पर निर्भर न रहें। कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट के साथ-साथ अलग-अलग डीलर्स की ओर से दिए जा रहे ऑफर्स भी चेक करें। नवरात्रि के आखिरी दिनों और दिवाली के आसपास कई बार कंपनियां खास डील पेश करती हैं। ऐसे में कार खरीदने का फैसला लेने से पहले उस समय उपलब्ध ऑफर्स की तुलना जरूर करें। 

एक नहीं, कई डीलर्स से करें बातः 
अक्सर लोग एक ही शोरूम में जाकर बात फाइनल कर लेते हैं, लेकिन ध्यान रहे जिस कार को खरीदने का मन बना रहे हैं, उसकी कीमत के लिए सिर्फ एक शोरूम से कोटेशन न लें। आसपास मौजूद दूसरे डीलर्स से भी कीमत और ऑफर्स की जानकारी लें। इससे आपको अलग-अलग शोरूम पर मिल रहे डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और दूसरे बेनिफिट्स के बारे में पता चल सकेगा। कई बार ऐसा होता है कि एक ही कार के लिए अलग-अलग डीलर्स के ऑफर्स में अंतर देखने को मिल सकता है। ऐसे में तुलना करने के बाद आप अपने बजट के हिसाब से बेहतर डील तलाश सकते हैं। 

पुराने स्टॉक वाली कार पर भी डालें नजरः 

अगर आप हाल ही में पेश हुए मॉडल के अलावा भी कोई और विकल्प देखने के इच्छुक हैं, तो पुराने स्टॉक वाली नई कार पर भी विचार किया जा सकता है। ध्यान रहे यहां पुराने स्टॉक का मतलब इस्तेमाल की हुई या खराब कार से नहीं है। इसका मतलब ऐसी नई कार से है, जो डीलर के पास कुछ समय से स्टॉक में खड़ी है। इसका फायदा यह होता है कि डीलर्स को लंबे समय से खड़ी कार का स्टॉक निकालना होता है और ऐसे में वह उन कारों पर अतिरिक्त डिस्काउंट भी दे सकता है या फिर दूसरे ऑफर्स। जिनका आप फायदा उठा सकते हैं। हालांकि, ऐसी कार खरीदने से पहले उसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट और स्टॉक की जानकारी जरूर जांच लें। इससे आपको कार के निर्माण और डीलर के पास उसके स्टॉक में आने के समय की जानकारी मिल सकती है। 

एक्सचेंज ऑफर का फायदा उठाएंः 
अगर आपके पास पहले से कार है और आप उसे बदलकर नई कार खरीदने वाले हैं तो एक्सचेंज ऑफर के बारे में जरूर पूछें। त्योहारों के दौरान कंपनियां और डीलर्स पुराने वाहन पर एक्सचेंज बोनस या दूसरे फायदे दे सकते हैं। इससे आपकी पुरानी कार की वैल्यू नई कार की खरीद में एडजस्ट हो सकती है और आपको अपनी जेब से कम रकम खर्च करनी पड़ सकती है। 

इंश्योरेंस और एक्सेसरीज में भी बचा सकते हैं पैसेः 
अधिकतर लोग इस बात से अंजान होते हैं कि नई कार खरीदते समय सिर्फ एक्स-शोरूम कीमत ही खर्च नहीं होती। इंश्योरेंस, एक्सेसरीज और दूसरे चार्ज भी अंतिम बिल में जुड़ सकते हैं। इसलिए इंश्योरेंस के लिए केवल शोरूम की ओर से दिए गए विकल्प पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है। आप अलग-अलग इंश्योरेंस कंपनियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम की तुलना कर सकते हैं। इससे आपको अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से विकल्प चुनने में मदद मिल सकती है। 

कार खरीदने से पहले पूरी डील का हिसाब लगाएंः 

त्योहारों के दौरान मिलने वाली आकर्षक डील देखकर तुरंत बुकिंग करने से पहले पूरी कीमत का हिसाब जरूर लगा लें। सिर्फ डिस्काउंट की रकम देखकर फैसला न करें। डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, इंश्योरेंस, एक्सेसरीज और दूसरे चार्ज जोड़ने के बाद कार की कुल ऑन-रोड कीमत कितनी बन रही है, इसे समझना जरूरी है। इसके बाद अलग-अलग डीलर्स की कीमत और ऑफर्स की तुलना करें। इससे आपको सिर्फ दिखने वाले डिस्काउंट के बजाय पूरी डील की वास्तविक लागत समझने में मदद मिलेगी। 

बेहतर डील के लिए रिसर्च जरूरीः 
दिवाली पर कार खरीदने के दौरान थोड़ी सी रिसर्च और बातचीत आपको बेहतर डील दिलाने में मदद कर सकती है। कंपनी के ऑफर्स देखने से लेकर कई डीलर्स से कोटेशन लेने, पुराने स्टॉक की जानकारी जांचने, एक्सचेंज वैल्यू की तुलना करने और इंश्योरेंस व एक्सेसरीज के खर्च को अलग से देखने तक हर कदम पर तुलना करना जरूरी है।

[@ इस एक गाने ने मलाइका को रातों रात बनाया था स्टार, जानते हैं फिगर मेंटेन के राज ...]


[@ शिमला मिर्च के सेहतभरे लाभ]


[@ लहसुन में समाए हैं सेहत के राज... ]