businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

ईयर एंडर 2026: इस साल शुरू हुईं इन नई योजनाओं ने विकास को दी रफ्तार, शिक्षा से लेकर पर्यावरण और नवाचार तक दिखा असर

Source : business.khaskhabar.com | Nov 27, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 year ender 2026 these new schemes launched this year accelerated development demonstrating impact across sectors ranging from education to the environment and innovation 863703नई दिल्ली । वर्ष 2026 देश के विकास एजेंडे को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण सरकारी पहलों का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने शिक्षा, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कई नई पहलें शुरू कीं। इन योजनाओं का उद्देश्य न केवल आम नागरिकों के लिए सेवाओं को आसान बनाना था, बल्कि 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की दिशा में बुनियादी ढांचा, मानव पूंजी और तकनीक आधारित विकास को भी मजबूत करना रहा। 
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना 2026 की सबसे चर्चित पहलों में शामिल रही। इस योजना के तहत देश के शीर्ष गुणवत्ता वाले उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को बिना गारंटी और बिना संपार्श्विक (कोलेटरल) के शिक्षा ऋण (एजुकेशन लोन) उपलब्ध कराया जा रहा है। पात्र छात्रों को 10 लाख रुपए तक के लोन पर 3 प्रतिशत ब्याज सहायता का भी लाभ मिल सकता है। सरकार की ओर से 7.5 लाख रुपए तक के ऋण पर 75 प्रतिशत क्रेडिट गारंटी की व्यवस्था भी की गई है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का रास्ता आसान हुआ है।
वहीं, डिजिटल गवर्नेंस और पर्यावरण न्याय को मजबूत करने की दिशा में सितंबर 2026 में एनजीटी मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण सम्मेलन के दौरान इस ऐप की शुरुआत की। इस ऐप के माध्यम से नागरिकों और संबंधित पक्षों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल-एनजीटी) से जुड़े मामलों का केस स्टेटस, कॉज लिस्ट, आदेश और फैसलों की जानकारी सीधे मोबाइल पर उपलब्ध हो रही है। इससे पर्यावरण न्याय प्रणाली तक लोगों की पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
वहीं स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का विस्तार 2026 में तेजी से जारी रहा। 75,021 करोड़ रुपए के इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करना है। इस योजना के तहत 3 किलोवाट तक की क्षमता वाले सिस्टम पर 78,000 रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है और परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल सकता है। इस पहल ने घरेलू सौर ऊर्जा अपनाने को नई गति दी है और भारत के 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य को समर्थन मिलेगा।
इसके अलावा, केंद्र सरकार ने बजट 2026-27 में कृषि, एमएसएमई, जैव-प्रौद्योगिकी, कार्बन कैप्चर, पर्यटन और कौशल विकास से जुड़ी कई नई पहलों की घोषणा की। इनमें 10,000 करोड़ रुपए का एसएमई ग्रोथ फंड, 10,000 करोड़ रुपए का बायोफार्मा शक्ति कार्यक्रम और 20,000 करोड़ रुपए के कार्बन कैप्चर, उपयोग एवं भंडारण (सीसीयूएस) मिशन जैसे प्रस्ताव शामिल रहे। इन पहलों का उद्देश्य निवेश बढ़ाना, रोजगार सृजित करना और भारत को अगली पीढ़ी के उद्योगों में प्रतिस्पर्धी बनाना है।
इस तरह, 2026 में शुरू और विस्तारित की गई इन योजनाओं ने शिक्षा, तकनीक, पर्यावरण और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सरकार की दीर्घकालिक विकास रणनीति को आगे बढ़ाया। वहीं, यदि इन पहलों का प्रभावी क्रियान्वयन आगे भी जारी रहा तो आने वाले वर्षों में ये योजनाएं आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक समावेशन को नई मजबूती दे सकती हैं।
--आईएएनएस

[@ बॉलीवुड में आने से पहले पेट पालने के लिए ये काम करती थी तापसी]


[@ बूझो तो जाने,ये चेहरा बच्ची का या बूढी का...]


[@ इस ऑफिस में अपने आप चलती हैं कुर्सियां! ]


Headlines